लघु उद्योग भारती पंजाब (महिला प्रकोष्ठ) के एक शिष्टमंडल ने पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा जय इंद्र कौर से भेंट की। उन्होंने देश की आर्थिकता को सुदृढ़, सामूहिक विकास को गतिशील बनाने, कुटीर, सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योगों की प्रगति व बेहतरी के लिए प्रयासरत उद्यमी संगठन लघु उद्योग भारती द्वारा नारी शक्तिकरण, जागरूकता व उद्यमियों के सर्वपक्षीय विकास, सवंर्धन के लिए निभाई जा सार्थक भूमिका की विस्तृत चर्चा की।
इसी क्रम में पंजाब में पहली बार आगामी 29 नवम्बर से 1 दिसंबर तक आयोजित की जा रही स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी में उनकी सार्थक सहभागिता का आग्रह किया। जय इंद्र कौर ने कहा कि नारी सशक्तिकरण, वंदन तथा रोजगार सृजन के लिए सार्थक पहल है। उन्होंने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में लघु उद्योग भारती की सहभागिता, स्टार्ट अप, स्वयं सहायता समूहों व उद्योगों सबंधित वर्तमान नीतियों के प्रति जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित भी किया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती महिला प्रकोष्ठ की महासचिव सीमा धूमल, अध्यक्षा अर्चना जैन, मोना मोंगिया, अमनदीप शेरगिल, रमन जज, प्रीति सेठी, मास कम्युनिकेशन बोर्ड उत्तर पश्चिम क्षेत्र के प्रमुख विक्रान्त शर्मा, पंजाब के महासचिव प्रदीप मोंगिया व अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।