ब्यावर | औद्योगिक नगरी ब्यावर के लिए शनिवार का दिन शुभ रहा। उद्योग हित-राष्ट्र हित की अवधारणा से लघु व सूक्ष्म उद्योगों के लिए काम कर रहे सबसे बड़े औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती की ब्यावर शाखा को स्वयं के कार्यालय के लिए 500 वर्ग मीटर की भूमि आवंटित की गई।
व्यावर इकाई अध्यक्ष सचिन नाहर ने बताया कि में ब्यावर इकाई को इकाई के स्थानीय कार्यालय के निर्माण के लिए 500 वर्ग मीटर भूमि न्यूनतम दर एक रुपए प्रति वर्ग मीटर पर रीको लिमिटेड की ओर से रीको औद्योगिक क्षेत्र तृतीय, ब्यावर में आवंटित की गई। इंस भूमि का लीज डीड पंजीयन ब्यावर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय खंडेलवाल, जिला प्रभारी दीपक कुमार झंवर, पालक अधिकारी प्रकाश अंबुरे, ब्यावर इकाई अध्यक्ष सचिन नाहर, सचिव विजय मेहता, इकाई उपाध्यक्ष गगन भारद्वाज, जय आनंदानी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि यह आवंटन यूनिट की गतिविधियों को और अधिक सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद करेगा।
इस नए कार्यालय के माध्यम से, लघु उद्योग भारती ब्यावर इकाई अपने सदस्यों और उद्यमियों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकेगी। यूनिट के सदस्यों को विभित्र प्रकार की सुविधाएं और सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने व्यवसाय को और अधिक प्रभावी ढंग से चला सकें।
सचिव विजय मेहता ने इस अवसर पर रीको पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आवंटित हुए एक भूखंड पर शीघ्र ही एक आकर्षक और विशाल कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। कार्यालय निर्माण के लिए शीघ्र ही निर्माण समिति की घोषणा की जाएगी।