उदयपुर. समाज के विभिन्न क्षेत्र में स्वयं के स्तर पर अपने आप को स्थापित कर समाज को संबल देने वाली 12 महिलाओं को लोक माता अहिल्या बाई उद्यमिता सम्मान से सम्मानित किया गया। आयोजन महिला दिवस सप्ताह और लोक माता अहिल्या बाई जन्म दिवस के मौके पर लघु उद्योग भारती महिला इकाई की ओर से हुआ। लघु उद्योग भारती महिला अध्यक्ष सीमा पारीक ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से समाज के सामने उन 12 अद्वितीय भहिलाओं की कहानियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प से विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए परिवार और समाज के लिए उद्यमिता की मिसाल पेश की। महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनीं, बल्कि योगदान से अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनीं। सामाजिक, खेल, व्यवसाय, बैंक, घरेलू, आयुर्वेदिक, निर्माण आदि क्षेत्र में स्वयं के स्तर पर शून्य से कार्य शुरू करने वाली महिला जो वर्तमान में समाज की अन्य महिलाओं को दिशा देने का कार्य कर रही है, उन्हें सम्मानित किया। लघु उद्योग भारती सचिव कपिल सुराणा ने बताया कि सुखेर, मादड़ी, गिर्वा, गुड़ली और उदयपुर इकाइयों ने भूमिका निभाई। लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी, उद्यमी, महिला उद्यमिता से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए।
इनका किया सम्मान
ललीता वर्डिया, रूपा प्रजापत, इंद्रा बम्ब, पुष्प घांची, शांता बाई मोची, कृष्णा कांता गहलोत, सरला गुप्ता, अनीता डांगी, प्रतापी बाई, डॉ. रेणु खमेसरा, लब्धी सुराणा को सम्मानित किया गया। सम्मान हेमेंद्र श्रीमाली, गोविंद अग्रवाल, राकेश वर्डिया, रजनी डांगी, रीना राठौड़, गुड़ली इकाई अध्यक्ष रवि शर्मा, सुखेर इकाई अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह रॉबिन, मादड़ी इकाई अध्यक्ष हेमंत जैन, गिर्वा इकाई अध्यक्ष हरिओम पालीवाल ने प्रदान किया।