<p>लघु उद्योग भारती नालागढ़ इकाई की बैठक में विद्युत ड्यूटी में बढ़ौतरी करने पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की। इससे सीधा असर लघु उद्योगों पर पड़ेगा। इकाई के अध्यक्ष समर सिंह चंदेल ने कहा कि सरकार ने 1 फीसदी से लेकर 19 फीसदी तक विद्युत ड्यूटी बढ़ा दी है। इससे बिजली की दरों में बढ़ौतरी हो गई है। बी.बी.एन. में आपदा के चलते कनैक्टीविटी लगभग समाप्त हो गई है। उद्योगों में कच्चा माल समाप्त हो गया है और तैयार माल जा नहीं रहा है, ऐसे में सरकार उद्योग पतियों को राहत देने की बचाए विद्युत ड्यूटी बढ़ाकर छोटे उद्योगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। लघु उद्योग पहले ही मंदी की मार झेल रहे हैं और सरकार के इन गलत फैसलों से छोटे उद्योग बंद हो जाएंगे। इस बारे में लघु उद्योग भारती का एक प्रतिनिधमंडल जल्द ही सी.एम. से मिलेगा और लघु अद्योगों को राहत देने की मांग करेगा.</p><p>प्रदेशाध्यक्ष हरवंस पटियाल ने कहा कि बी.बी.एन. में लक्कड़ पुल एक मात्र शेष बचा है और इस पुल पर ट्रैफिक इतना बढ़ गया है कि यहाँ पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लघु उद्योगों में श्रमिक नहीं पहुंच रहे हैं, ऐसे में 24 घंटे चलने वाले उद्योग मात्र 8 घंटे ही चल रहे हैं। जल्द ही लघुउद्योग भारती का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेगा और यहां के पुलों की हालत सुधारने की मांग करेगा। ताकि औद्योगिक क्षेत्र दोबारा पटरी पर लौट सके। सरकार की ओर से नए उद्योगों को लगाने के लिए जो रियायत दी जाती थी उसे भी बंद कर दिया गया है। सरकार को जल्द इस फैसले को वापस लेना चाहिए।</p><p>बैठक में नालागढ़ इकाई ने 11 नए सदस्यों को लघु उद्योग भारती के साथ जोड़ा। बैठक में इकाई महासचिव राघव आचार्य, कोषाध्यक्ष रमन गौतम उपाध्यक्ष राजीव मनोचा, अशोक चंदेल ज्वाइंट सैक्रेटरी बलदेव ठाकुर, लीगल एडवाइजर रवींद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी सतविंदर सैनी, ओमप्रकाश सैनी, नसीब सैनी, बालकृष्ण शर्मा, ओम प्रकाश ठाकुर व हरमीन्दर सिंह अन्य सदस्यों ने भाग लिया।</p><p> </p>