जयपुर में शनिवार, 27 दिसंबर को लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित दो दिवसीय अभ्यास वर्ग एवं संवाद कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश के 14 जिलों से 150 से अधिक लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े उद्यमी भाग ले रहे हैं, जिससे आयोजन को लेकर उद्योग जगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। रक्षा क्षेत्र को प्रदेश की एमएसएमई इकाइयों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम 27 एवं 28 दिसंबर को जगतपुरा स्थित सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को रक्षा उत्पादन के अवसरों से जोड़ने और स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में नीमराना से भी लघु उद्योग भारती इकाई के पदाधिकारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। नीमराना इकाई के अध्यक्ष शशांक भारद्वाज, कोषाध्यक्ष किरोड़ी लाल सिकंदर, उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार झा, नीतीश राठी एवं दिनेश यादव सहित अन्य उद्यमी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। लघु उद्योग भारती, जयपुर अंचल के अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि यह सम्मेलन पहली बार इस व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) के वरिष्ठ वैज्ञानिक विजय चौधरी अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे. वहीं वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के प्रतिनिधि भी संवाद सत्रों में भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करने, स्वदेशी तकनीक को प्रोत्साहित करने और एमएसएमई इकाइयों की भागीदारी बढ़ाने पर गहन चर्चा की जाएगी। लघु उद्योग भारती का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को रक्षा उत्पादन से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
इस आयोजन को उद्योग एवं नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिसे लेकर प्रदेशभर के उद्यमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।