जोधपुर, पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव में शहरवासी उमड़ रहे है। दिनभर लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया तो वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। मनोज रिया एंड पार्टी की ओर से आकर्षक प्रस्तुतियां दी गई। भगवान राम की झांकी व हनुमान दर्शन से लोग रोमांचित हो उठे। इससे पहले शुक्रवार दोपहर को कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
मेले में सेंट्रल पांडाल के साथ स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, भगवान शिव की मूर्ति के साथ विशालकाय सैन्य टैंक आकर्षण का केन्द्र रहे। यहां पानी में डूबी द्वारिका नगरी व शहर के हेरिटेज स्पॉट के मॉडल के साथ लोगों ने खूब सेल्फी ली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लोग झूमते नजर आए।
प्रतियोगिता में उत्साह
पूजा थाली प्रतियोगिता कन्वीनर स्वाति शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. राम गोयल एवं डॉ. बीना गोयल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता कन्वीनर इंदु चौपड़ा ने बताया कि पूजा थाली सजावट प्रतियोगिता में सुमित्रा पुनार, प्रेमवती निर्णायक की भूमिका में रहे। इस प्रतियोगिता में कृतिका टाक प्रथम, नेहा शर्मा एवं कावेरी कौशिक द्वितीय और पूनम सांखला एवं मुनीश अंसारी तीसरे स्थान पर रही, वहीं ललित चौहान और कश्मीद्रा ओझा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। टोट पेंटिंग प्रतियोगिता कन्वीनर चार्वी अग्रवाल ने बताया कि जूनिवर वर्ग में नंदिनी सोनी प्रथम, सोमंती जैन द्वितीय और पूर्व गोठी तृतीय स्थान पर रही। सीनियर वर्ग में अंजलि सोनावत प्रथम एवं संजय दूसरे स्थान पर रहे। शनिवार को गीता बाल संस्कार प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
बच्चें के बिजनेस आइडिया को मिलेगा मंच
बच्चों को बिजनेस की दुनिया से परिचित कराने और उनके उद्यमशीलता कौशल को निखारने के उद्देश्य से बिज किड्स का आयोजन 15 जनवरी को रामलीला मैदान में किया जाएगा। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्सव 2025 मुख्य संयोजक घनश्याम ओझा ने बताया कि यह कार्यक्रम बच्चों के लिए एक अद्भुत अवसर है, जहां वे अपने व्यावसायिक कौशल को सीखने और निखारने का अनुभव प्राप्त करेंगे।