कोलकाता में 23 मई को आयोजित लघु उद्योग भारती, पश्चिम बंगाल (दक्षिण संभाग) के 33वें स्थापना दिवस समारोह में संगठन से जुड़े सदस्यों ने विकसित भारत और “सोनार बंगला” के निर्माण में सक्रिय एवं सार्थक भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के माध्यम से युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए राजनीतिक परिवर्तनों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न नेताओं द्वारा रोजगार एवं औद्योगिक विकास पर दिए गए बल के संदर्भ में संगठन ने राज्य के औद्योगिक पुनरुत्थान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की है। इस अभियान का नेतृत्व हाल ही में अध्यक्ष नियुक्त किए गए कर्मठ उद्योगपति के. के. सेकसरिया को सौंपा गया है।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए श्री सेकसरिया ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र के विकास और सशक्तिकरण हेतु लघु उद्योग भारती की वर्तमान गतिविधियों, भावी योजनाओं एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उद्यमिता विकास, कौशल विकास तथा महिला एवं युवा उद्यमियों के सशक्तिकरण को संगठन की प्राथमिकताओं में बताया तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समस्याओं के समाधान हेतु संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य हावड़ा संघ चालक जयप्रकाश अग्रवाल ने उद्योग एवं समाज के समर्पित विकास के लिए प्रेरित किया, वहीं प्रख्यात उद्योगपति सुशील बाहेती ने औद्योगिक भूमि उपलब्धता की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कम से कम दस नए उद्यमियों को मार्गदर्शन देने की प्रतिबद्धता जताई। लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल-ओडिशा प्रभारी सरोज कुमार साहू ने संगठन की राष्ट्रीय गतिविधियों, तकनीकी हस्तांतरण, बाजार विकास, कौशल विकास और सरकारी नीतियों में संगठन की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उद्योग प्रतिनिधियों, नवसदस्यों एवं वर्तमान सदस्यों के बीच संवाद का सार्थक मंच भी तैयार किया गया, जहां क्षेत्र विशेष की समस्याओं और व्यावहारिक समाधानों पर चर्चा हुई। समारोह का समापन महासचिव देब प्रसाद मुखर्जी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में रतन कोनार, पल कुमार मित्र, समीर पॉल, ललित अग्रवाल, संजय गोयनका, नरेश जालान, ओ. पी. बांगड़ और सुनील अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता के. के. सेकसरिया ने तथा संचालन रमेश सोभासरिया ने किया।


