विश्व रक्तदान दिवस पर LUB चोपांकी के सहयोग से सफल रक्तदान शिविर, 35 यूनिट रक्त संग्रहित
भिवाड़ी, राजस्थान। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, भिवाड़ी शाखा द्वारा निमाई ग्रीन्स क्लब हाउस में आयोजित रक्तदान शिविर समाज सेवा और मानवता की मिसाल बना। शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 35 यूनिट रक्तदान किया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा।
इस पुनीत अभियान की सफलता में लघु उद्योग भारती (LUB), चोपांकी इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने औद्योगिक इकाइयों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों से संपर्क कर रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को शिविर से जोड़ने का कार्य किया।
LUB पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। दुर्घटना, ऑपरेशन, थैलेसीमिया और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता अमूल्य होती है। उन्होंने समाज के सभी स्वस्थ एवं सक्षम नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर के प्रेरणादायक क्षणों में डॉ. मनोज सिंघानिया द्वारा प्रथम रक्तदाता बनना तथा डॉ. नीरज अग्रवाल द्वारा अपनी शादी की वर्षगांठ पर पत्नी एवं पुत्री के साथ रक्तदान करना विशेष रूप से सराहनीय रहा। उनके इस सामाजिक संदेश ने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर आर.के. गुप्ता, रजनीश त्यागी, अमित नाहटा, डॉ. सचिन भारद्वाज, अश्विनी शर्मा, अनुप केडिया, मुकेश शर्मा, दीपक शुक्ला, श्रीमती सुनीता यादव, आर.सी. जैन, नंदकिशोर अग्रवाल, वायरल गर्ग, विजयता माहेश्वरी, सरिता अग्रवाल, वंदना, हिमांशु सिंघल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही रोटरी क्लब शक्ति की महिला सदस्यों ने भी रक्तदान जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अंत में लघु उद्योग भारती (LUB) ने भारत विकास परिषद, एस.जे.एम.सी. जनसेवा ब्लड सेंटर, सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं मानव सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
“रक्तदान महादान है — आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।”