सिलीगुड़ी में उन्नत सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
लघु उद्योग भारती, उत्तर बंगाल द्वारा उत्तरबंग सेवा भारती के सहयोग से घोगोमाली, सिलीगुड़ी में उन्नत सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रातः 11 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में समाजसेवियों, उद्यमियों एवं स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। यह केंद्र महिलाओं और युवतियों को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती, पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष बिपन सिंघल तथा उत्तरबंग सेवा भारती के अध्यक्ष सुनील शाह ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति का सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण केंद्र न केवल रोजगार के अवसर सृजित करते हैं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और उद्यमिता की भावना का भी विकास करते हैं।
वक्ताओं ने बताया कि परिधान एवं सिलाई उद्योग आज तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, जिसमें स्वरोजगार और लघु उद्यम स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। यह प्रशिक्षण केंद्र स्थानीय महिलाओं को आधुनिक सिलाई तकनीकों, परिधान निर्माण तथा व्यवसायिक कौशल का प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी और अपने परिवार की आय में योगदान दे सकेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र क्षेत्र की अनेक महिलाओं के लिए रोजगार, उद्यमिता और सम्मानजनक आजीविका के नए अवसरों का द्वार खोलेगा।
यह पहल लघु उद्योग भारती एवं उत्तरबंग सेवा भारती की समाजोन्मुखी सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो कौशल विकास के माध्यम से स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।