जयपुर। लघु उद्योग भारती, जयपुर द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के विकास कार्यालय, जयपुर के सहयोग से 7 एवं 8 अगस्त 2026 को वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम कम एग्जीबिशन का आयोजन वीकेआई एसोसिएशन हॉल, रोड नं. 1, जयपुर में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों (CPSUs), विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रमुख उद्योगों के साथ सीधे जोड़ना तथा उन्हें सरकारी खरीद, नई व्यावसायिक संभावनाओं और तकनीकी सहयोग के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस एनर्जी एवं इंजीनियरिंग सेक्टर रहेगा, जिसमें जनरल इंजीनियरिंग, फाउंड्री, फोर्जिंग, बेयरिंग, ट्रांसफॉर्मर, वायर एवं केबल, नवीकरणीय ऊर्जा, कंट्रोल सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल उत्पादों से जुड़े उद्योगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी में सीपीएसयू, ओईएम, सरकारी विभागों तथा स्टार्टअप्स अपने उत्पादों एवं नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
7 अगस्त को आयोजित होने वाले वेंडर डेवलपमेंट सत्र में सरकारी विभागों एवं सीपीएसयू की वर्तमान खरीद आवश्यकताओं, आगामी निविदाओं, वेंडर पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक उत्पाद श्रेणियों, एमएसएमई मंत्रालय की एससी-एसटी हब योजना तथा टीआरईडीएस (TReDS) जैसे विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी प्रदान की जाएगी। वहीं, 8 अगस्त को निर्यात, डिजिटल मार्केटिंग, GeM पोर्टल, केंद्र एवं राजस्थान सरकार की योजनाओं, सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में व्यवसायिक अवसरों, इंडस्ट्री 4.0 तथा बीआईएस गुणवत्ता प्रमाणन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जैविविएनएल (JVVNL), आरवीयूएनएल (RVUNL), आरवीपीएनएल (RVPNL), भारतीय रेल (RDSO), एनटीपीसी, गेल, आईओसीएल, पीजीसीआईएल, एनएसआईसी, सिडबी, GeM, ONDC, बीआईएस, ईईपीसी, ईसीजीसी, सीएसआईआर-सीईईआरआई, एमएनआईटी जयपुर, आईआईटी जोधपुर सहित अनेक सरकारी विभाग एवं संस्थानों की सहभागिता प्रस्तावित है।
यह कार्यक्रम उन एमएसएमई इकाइयों, स्टार्टअप्स एवं नवोदित उद्यमियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा जो सरकारी विभागों एवं सीपीएसयू के अधिकृत विक्रेता बनना चाहते हैं, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहते हैं या अपने व्यवसाय का विस्तार करना चाहते हैं। कार्यक्रम में सहभागिता पूर्णतः निःशुल्क है, हालांकि सीटें सीमित हैं। इच्छुक उद्यमी पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

