लघु उद्योग भारती के टेक्सटाइल सेक्टर के अखिल भारतीय प्रमुख महेश हुरकट के सूरत प्रवास के दौरान आज फोस्टा कार्यालय में लघु उद्योग भारती, सूरत महानगर कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में देशभर के टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों, वर्तमान चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती द्वारा टेक्सटाइल उद्योग के लिए एक अलग राष्ट्रीय टेक्सटाइल कमेटी के गठन की घोषणा की गई। इस समिति में विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिनिधियों को कार्यकारिणी सदस्य (श्व दृष्द्ध हृद्धाद्र स्दृद्वड्डद्रहह्य) के रूप में शामिल किया जाएगा, जो उद्योग से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा करेंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि टेक्सटाइल कमेटी की प्रत्येक दो माह में ऑनलाइन तथा प्रत्येक चार माह में ऑफलाइन बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि
उद्योग से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद एवं समन्वय बना रहे।
इसके साथ ही आगामी अक्टूबर माह में नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में वाणिज्य मंत्रालय एवं वस्त्र (टेक्सटाइल) मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं केंद्रीय मंत्रियों के साथ टेक्सटाइल विज़न-2047 पर व्यापक चर्चा होगी। साथ ही नई टेक्सटाइल नीति, उद्योग के समक्ष आने वाली चुनौतियों, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धा तथा वर्ष 2047 तक भारत के टेक्सटाइल उद्योग को विश्व में अग्रणी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों एवं रणनीतियों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। मीडिया प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक
में लघु उद्योग भारती, सूरत के अध्यक्ष रामावतार पारीक, फोस्टा अध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती के संभाग उपाध्यक्ष हंसराज जैन, महानगर महामंत्री सतीश सवानी, उपाध्यक्ष रमेश राठी, संयुक्त महामंत्री पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत, इकाई अध्यक्ष हरीओम स्वामी, ओमप्रकाश कुमावत सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में सभी पदाधिकारियों ने टेक्सटाइल उद्योग को आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी एवं वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने के लिए संगठनात्मक प्रयासों को और गति देने तथा उद्योग की समस्याओं एवं सुझावों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का संकल्प व्यक्त किया।


