जयपुर। आज जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री श्री नरेश पारीक जी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नटवर अजमेरा जी एवं भाजपा विशेष संपर्क प्रकोष्ठ के प्रदेश सह प्रभारी श्री तेज सिंह जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री आदरणीय श्री भजनलाल शर्मा जी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने खनन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री जी को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से ड्रोन सर्वे की नीति को व्यावहारिक बनाने, छोटे खनन पट्टों को ड्रोन सर्वे से मुक्त रखने, ट्रैक्टर-ट्रॉली के लिए ई-रवन्ना व्यवस्था शुरू करने, वजन सीमा को 2.5 टन से बढ़ाकर 6 टन करने, DMFT फंड के नियमों में व्यावहारिक बदलाव करने तथा बंद खदानों को शीघ्र शुरू करने के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग रखी।
इसके साथ ही OTS योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने तथा चारागाह भूमि से जुड़े मामलों के सरल एवं व्यावहारिक समाधान की मांग भी मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से छोटे खनन उद्यमियों को राहत मिलेगी, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। साथ ही, खनन गतिविधियों के सुचारु संचालन से सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।