लघु उद्योग भारती, ब्यावर मुख्य इकाई एवं महिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में पारिवारिक स्नेह मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 परिवारजनों ने सहभागिता की और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा एवं माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी आयु वर्ग के परिवारजनों के लिए विभिन्न भारतीय खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महिला इकाई द्वारा प्रेरणादायी नाटिका, शास्त्रीय नृत्य एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती द्वारा प्रस्तावित कौशल विकास केंद्र के संबंध में भी उपस्थित परिवारजनों को जानकारी दी गई। केंद्र के माध्यम से कौशल विकास एवं युवाओं के लिए रोजगारपरक अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में महिला इकाई द्वारा आगामी स्वयंसिद्धा 2027 के पोस्टर का भी अनावरण किया गया। स्वयंसिद्धा 2027 का आयोजन 8 से 10 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है, जिसका उद्देश्य महिला उद्यमिता एवं सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी परिवारजनों ने सपरिवार भोजन का आनंद लिया। सामूहिक सहभागिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आत्मीय वातावरण से परिपूर्ण यह पारिवारिक स्नेह मिलन लघु उद्योग भारती के सदस्यों एवं उनके परिवारों के बीच स्नेह, एकता और संगठनात्मक आत्मीयता को और मजबूत करने वाला रहा।