महिला सशक्तिकरण की ओर एक सशक्त कदम – भिलाई में भव्य आयोजन
लघु उद्योग भारती महिला इकाई, भिलाई द्वारा एमएसएमई प्रायोजित कंप्यूटर ट्रेनिंग प्रोग्राम के समापन एवं उद्यमी महिला सम्मान दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ होटल राजरानी में सम्पन्न हुआ। यह कार्यक्रम प्रदेश महिला प्रभारी श्रीमती गीता वर्मा के मार्गदर्शन एवं इकाई अध्यक्ष श्रीमती रश्मि वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती सी.पी. दुबे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री ओम सिंघानिया, एमएसएमई के एडिशनल डायरेक्टर श्री योगेश कुमार, साइबर क्राइम विशेषज्ञ डॉ. संकल्प राय, बीडीएस कॉलेज प्रिंसिपल जसप्रीत कौर सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. संकल्प राय ने महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए, जिससे उपस्थित बहनों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता मिली। वहीं, एमएसएमई के एडिशनल डायरेक्टर श्री योगेश कुमार ने महिला उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती सी.पी. दुबे, श्री ओम सिंघानिया एवं श्रीमती गीता वर्मा द्वारा कंप्यूटर प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली 30 महिलाओं को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके व्यवसाय को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “स्वदेशी अड्डा” रहा, जहां महिला उद्यमियों द्वारा निर्मित शुद्ध एवं स्वदेशी उत्पाद एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की पहल की गई। सभी अतिथियों ने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए इसकी निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
इस भव्य आयोजन में 100 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोषाध्यक्ष शुभालक्ष्मी शेखरन, जया शाह, माधुरी पाराशर, सुमन कनौजे, सविता शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्यगण अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महामंत्री श्रीमती सुनीता सोनी ने सभी अतिथियों एवं सहभागी बहनों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम बना, बल्कि “स्वदेशी” और “आत्मनिर्भर भारत” की भावना को भी मजबूती प्रदान करता है।