उद्योग, शिक्षा एवं सामाजिक समन्वय पर रुड़की में विचार-विमर्श
लघु उद्योग भारती उत्तराखंड की ओर से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के सभागार में उद्योग, शिक्षा, मीडिया एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों तथा थिंक इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज एवं राष्ट्र निर्माण में विभिन्न क्षेत्रों के मध्य समन्वय स्थापित करना तथा युवाओं, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच सार्थक संवाद को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर का प्रेरक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने राष्ट्रहित में शिक्षा, उद्योग और समाज के विभिन्न घटकों के बीच सहयोग एवं समन्वय की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर के. के. पंथ, निदेशक, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की सहित संस्थान के विभिन्न विभागों के प्रोफेसर एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। लघु उद्योग भारती की ओर से केतन भारद्वाज, वीरेंद्र शुक्ला, वी. पी. सिंह, अशोक शुक्ला तथा प्रवीण गर्ग ने सहभागिता की।
परिचर्चा के दौरान उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं, अनुसंधान एवं नवाचार की भूमिका, युवाओं के कौशल विकास तथा समाजोपयोगी तकनीकी समाधानों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम ने उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।