विद्युत समस्याओं को लेकर लघु उद्योग भारती दूदू इकाई ने सौंपा ज्ञापन
लघु उद्योग भारती दूदू इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों से जुड़ी विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) साउथ के अधीक्षण अभियंता श्री मनोज गुप्ता जी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अधिशासी अभियंता श्री गर्ग साहब भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में उद्यमियों ने उद्योग क्षेत्रों में आ रही बिजली संबंधी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा। अधीक्षण अभियंता श्री मनोज गुप्ता जी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि उद्योगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्यमियों को प्रतिदिन आने वाली छोटी-छोटी तकनीकी एवं विद्युत संबंधी दिक्कतों का निराकरण जल्द किया जाएगा तथा अन्य लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भी सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती दूदू इकाई के अध्यक्ष विश्वनाथ पोद्दार, संरक्षक रामावतार अग्रवाल, अशोक गुप्ता, अभिषेक शाह, सुरेंद्र सिंह, कमल खेतान सहित अनेक उद्यमियों ने भाग लिया और उद्योगों से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।