बवाना औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग मंत्री का दौरा, उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण का आश्वासन
मंगलवार, 2 जून 2026 को दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली सरकार के उद्योग मंत्री Manjinder Singh Sirsa ने औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर उद्यमियों से संवाद स्थापित किया। इस महत्वपूर्ण दौरे का समन्वय श्री वीरेन्द्र नागपाल जी द्वारा किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक एवं दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री Ravinder Indraj Singh भी उपस्थित रहे।
दौरे की शुरुआत कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) केंद्र के निरीक्षण से हुई। इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने बवाना के उद्यमियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद सत्र में भाग लिया, जहां क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक चुनौतियों और विकास संबंधी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
लघु उद्योग भारती की ओर से प्रस्तुत आग्रह पत्र में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के लिए कारोबारी सहजता बढ़ाने, बवाना औद्योगिक क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा परिवहन सुविधाओं के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री श्री सिरसा ने आग्रह पत्र के प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उद्यमियों को आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार उद्योगों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण बनाने तथा किसी भी प्रकार के “इंस्पेक्टर राज” से मुक्ति दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा हेतु बवाना के उद्योग प्रतिनिधियों को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया। साथ ही, Delhi State Industrial and Infrastructure Development Corporation (डीएसआईआईडीसी) के वरिष्ठ अधिकारियों को उद्योग जगत द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
इस कार्यक्रम में बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सैकड़ों उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे उद्योग एवं सरकार के बीच संवाद और सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।