भीलवाड़ा में लघु उद्योग भारती ने नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक का किया स्वागत, औद्योगिक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा
भीलवाड़ा। लघु उद्योग भारती, भीलवाड़ा द्वारा नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सागर राणा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती की मुख्य इकाई, ग्रोथ सेंटर इकाई एवं महिला इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों का परिचय भी पुलिस अधीक्षक से कराया गया।
बैठक के दौरान उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त सचिव श्री रविंद्र जाजू ने उद्योगों में होने वाले विवादों के संदर्भ में कहा कि मोताना जैसी घटनाओं में शव रखकर प्रदर्शन करना सभ्य समाज की परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे मामलों का समाधान आपसी संवाद, समझदारी और सहमति के आधार पर किया जाना चाहिए।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री संजीव चिरानिया एवं श्री राजकुमार मेलाना ने औद्योगिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उद्योगों की सुरक्षा और उद्यमियों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष श्री महेश हुरकट ने समाज एवं युवाओं को प्रभावित कर रहे नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए नशे के केंद्रों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का सुझाव दिया।
भीलवाड़ा इकाई के अध्यक्ष श्री शंभू प्रसाद काबरा एवं सचिव श्री कमलेश मुनोत ने पुलिस अधीक्षक को लघु उद्योग भारती की विभिन्न गतिविधियों, संगठन के उद्देश्यों तथा उद्यमियों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक श्री सागर राणा ने उद्यमियों को कानून व्यवस्था के संबंध में पूर्ण सहयोग एवं सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा कि जिले में उद्योगों के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी उद्योगपति एवं उद्यमी निर्भय होकर अपने व्यवसाय एवं उत्पादन कार्यों को आगे बढ़ाएं तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस प्रशासन से संपर्क करें।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा उद्योगों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।