वाराणसी के चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में बैंकिंग समस्याओं पर मंथन, लघु उद्योग भारती ने उठाई MSME हितों की आवाज
वाराणसी के चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों एवं उद्यमियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों से जुड़ी बैंकिंग चुनौतियों, विशेषकर ट्रांजैक्शन चार्ज, ऋण सुविधाओं की उपलब्धता तथा बैंकिंग सेवाओं की जटिलताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव श्री राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बनाए रखने के लिए बैंकिंग लेन-देन की लागत को कम करना और बैंकिंग सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाना आवश्यक है। उन्होंने छोटे उद्योगों के लिए विशेष श्रेणी की व्यवस्था करते हुए ऋणों पर रियायती ब्याज दर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के प्रभावों से MSME क्षेत्र अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और अमेरिकी टैरिफ नीतियों के प्रभाव ने उद्योगों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे समय में उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए बैंकिंग व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी सेवाएं और उद्योग हितैषी नीतियां अत्यंत आवश्यक हैं।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि इन मुद्दों को संबंधित बैंक अधिकारियों एवं उच्च स्तर तक पहुंचाकर उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र के अनेक उद्यमी एवं लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी उपस्थित रहे।