आज लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में तथा वरिष्ठ उद्योगपति एवं संगठन के सक्रिय सहयोगी श्री संजय कपूर जी के विशेष प्रयासों से विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ उद्योगों से संबंधित विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन सोलीटेयर में किया गया। बैठक में विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर, एक्सईएन, एसडीओ, जेई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उद्योगों को विद्युत आपूर्ति, तकनीकी बाधाओं एवं विभागीय प्रक्रियाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। श्री अशोक बजाज जी, श्री अनुज जैन जी एवं श्री अक्षय जैन जी ने उद्योग जगत की ओर से समस्याओं को तथ्यों एवं मजबूती के साथ अधिकारियों के समक्ष रखा तथा उनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रांतीय महासचिव श्री अनुपम गुप्ता जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उद्योगों से जुड़ी लंबित विद्युत समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर नहीं किया गया तो संगठन को इस विषय को उच्चतम स्तर तक ले जाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और उत्पादन गतिविधियों के लिए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति को अत्यंत आवश्यक बताया।
बैठक के अंत में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सभी समस्याओं का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्यवाही कर अधिकांश मुद्दों का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। लघु उद्योग भारती ने आशा व्यक्त की कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप त्वरित कार्रवाई होगी, जिससे क्षेत्र के उद्योगों को राहत मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को गति प्राप्त होगी।