लघु उद्योग भारती, भिवाड़ी प्रथम इकाई की मासिक बैठक का आयोजन बीआईआईए परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भारत के अग्रणी औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती के इस नियमित आयोजन में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक का शुभारंभ इकाई के सचिव सीए आर.के. गुप्ता द्वारा संगठन मंत्र के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों ने अपना परिचय दिया तथा संगठनात्मक आत्मीयता को सुदृढ़ किया गया। पिछली मासिक बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की गई।
इकाई अध्यक्ष श्री सरजीत यादव ने भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती से उद्योगों को होने वाली परेशानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इस विषय को विद्युत विभाग के समक्ष प्रभावी रूप से उठाकर समस्या के शीघ्र समाधान हेतु प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान श्री रामप्रकाश गर्ग ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति के संदर्भ में केंद्र सरकार द्वारा MSME क्षेत्र के लिए लागू की गई Emergency Credit Line Guarantee Scheme (ECLGS) 5.0 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना कठिन परिस्थितियों में उद्योगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सदस्यों को उन विभिन्न औद्योगिक एवं MSME संबंधी मुद्दों से भी अवगत कराया गया जिन्हें लघु उद्योग भारती के प्रांतीय एवं केंद्रीय नेतृत्व द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों और नीति-निर्माताओं के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया गया है। इससे सदस्यों को संगठन की सक्रिय भूमिका और उद्योग हितों के प्रति उसके निरंतर प्रयासों की जानकारी प्राप्त हुई।
बैठक के समापन पर कल्याण मंत्र का उच्चारण किया गया। तत्पश्चात सभी सदस्य आयकर विभाग द्वारा आयोजित ‘नया आयकर कानून 2025’ विषयक सेमिनार में शामिल हुए, जहां उन्हें कराधान से संबंधित नवीन प्रावधानों की जानकारी प्राप्त हुई।
बैठक में श्री रामप्रकाश गर्ग, श्री संजय खन्ना, श्री सरजीत यादव, सीए राकेश कुमार गुप्ता, श्री प्रवीण लाम्बा, श्री हरीश गौड़, सीए रोहित महावीर, श्री इन्द्र पाल शर्मा, श्री सुभाष यादव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।