चोपानकी में लघु उद्योग भारती की मासिक बैठक का सफल आयोजन एम/स वेव एयरकॉन के प्रांगण में किया गया, जिसमें क्षेत्र के उद्योगपतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बदलते औद्योगिक परिवेश में प्रदूषण नियंत्रण, सरकारी नियमों की समझ और सुरक्षा मानकों को मजबूत करना रहा।
बैठक के दौरान पर्यावरण नीति विशेषज्ञ श्री इंदरपाल शर्मा ने केंद्रीय प्रदूषण वर्गीकरण, OCEMS (ऑनलाइन कंटीन्यूअस एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम), चिमनी डिज़ाइन मानकों तथा हाल ही में जारी नियमों और सर्कुलरों पर विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित उद्यमियों ने अपनी इकाइयों से संबंधित समस्याएं भी साझा कीं, जिनका मौके पर समाधान कर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
औद्योगिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फायर सेफ्टी पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें भारत विकास परिषद के श्री राजेश द्विवेदी ने आग के प्रकार, फायर उपकरणों के उपयोग, सुरक्षा तकनीकों और फायर NOC से संबंधित आवश्यकताओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस सत्र ने उद्योगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बैठक में एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली की नई ईवी पॉलिसी को भिवाड़ी व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में लागू करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। सभी सदस्यों ने एकमत से इस पहल को पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक बताया।
इसके साथ ही, विभिन्न औद्योगिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए सभी उद्यमियों ने एकजुट होकर समाधान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। संगठन ने उद्योगों के हितों की रक्षा और निरंतर सहयोग का आश्वासन भी दोहराया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री विमल पंडित सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे।
लघु उद्योग भारती ने जानकारी दी कि इस प्रकार की मासिक बैठकें भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे उद्योगों को जागरूकता, समन्वय और समस्याओं के समाधान में निरंतर सहायता मिलती रहे।