वाराणसी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), भारत सरकार के औद्योगिक आस्थान चांदपुर, वाराणसी परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार पौधों का व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम, अमरूद, आंवला, नींबू सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव श्री राजेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं उद्यमियों के साथ पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बना रहता है, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
MSME संस्थान के प्रभारी श्री राजेश चौधरी ने उपस्थित उद्यमियों से अपने-अपने औद्योगिक परिसरों में नियमित रूप से पौधरोपण करने और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी अधिकारियों, उद्यमियों एवं प्रतिभागियों ने पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।