स्मार्ट मीटर समस्याओं को लेकर उद्यमियों ने मुख्य अभियंता से की मुलाकात
आज दिनांक 26 मई 2026 को हरिद्वार के SIDCUL क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उद्योगों के उद्यमी बंधुओं ने स्मार्ट मीटरों से संबंधित लगातार मिल रही शिकायतों के समाधान हेतु मुख्य अभियंता कार्यालय, रोशनाबाद (हरिद्वार) में महत्वपूर्ण बैठक की। यह प्रतिनिधिमंडल लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री रोहित भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष आमित त्यागी, हरिद्वार जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर एवं हरिद्वार महामंत्री निखिल गोयल के नेतृत्व में मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी से मिला।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने स्मार्ट मीटरों में आ रही तकनीकी खामियों, गलत रीडिंग, अत्यधिक बिजली बिलिंग तथा अन्य व्यावहारिक समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा। उद्यमियों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण उद्योग संचालन प्रभावित हो रहा है तथा आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस पर मुख्य अभियंता द्वारा आगामी 10 दिनों के भीतर ऐसी 10 से 15 फैक्ट्रियों की सूची उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया, जहां मीटर संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, ताकि प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा उद्यमियों के साथ किए जा रहे अनुचित व्यवहार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। इस पर मुख्य अभियंता ने आश्वासन दिया कि विभागीय कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाने के साथ-साथ उद्योगों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उद्यमियों ने आशा व्यक्त की कि विद्युत विभाग शीघ्र सकारात्मक कदम उठाकर स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा, जिससे उद्योगों को राहत मिल सके।
बैठक में हरिद्वार जिला उपाध्यक्ष विनय शर्मा, बेगमपुर संयुक्त महामंत्री ललित चौहान, सदस्य अभय अग्रवाल, वाशू शर्मा, अनित मिश्र, पुरुषोत्तम, पुनीत अरोड़ा एवं चमन सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।