जीएसटी भुगतान में क्रेडिट कार्ड सुविधा की मांग, लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ ने उठाई उद्यमियों की आवाज
लघु उद्योग भारती की चंडीगढ़ इकाई ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की वित्तीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जीएसटी भुगतान में क्रेडिट कार्ड सुविधा शुरू करने की मांग उठाई है।
चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष अवी भसीन ने इस संबंध में चंडीगढ़ प्रशासन के एक्साइज एंड टैक्सटेशन कमिश्नर निशांत यादव को पत्र सौंपकर उद्योगों की समस्याओं से अवगत कराया।
संस्था का कहना है कि छोटे एवं मध्यम उद्योगों को कारोबार संचालन के दौरान कई बार नकदी प्रवाह की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यदि जीएसटी भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध हो, तो उद्यमियों को तत्काल राहत मिलेगी और वे समय पर कर जमा कर सकेंगे।
लघु उद्योग भारती ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था से सरकार को किसी प्रकार का वित्तीय नुकसान नहीं होगा, क्योंकि भुगतान की जिम्मेदारी बैंक एवं कार्ड जारी करने वाली संस्थाओं की होगी।
अवी भसीन ने प्रशासन से आग्रह किया कि उद्योगों के हित को ध्यान में रखते हुए जीएसटी भुगतान हेतु क्रेडिट कार्ड सुविधा शीघ्र लागू की जाए। संस्था का मानना है कि यह कदम छोटे उद्योगों को आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” को भी बढ़ावा देगा।