लघु उद्योग भारती द्वारा मंडौर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गैलेक्सी पैकेजिंग परिसर में नान-कन्फर्मिंग एरिया के नियमितीकरण विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में तकनीकी सलाहकार एवं अधिवक्ता गौरव अरोड़ा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जिन्होंने उपस्थित उद्यमियों को नियमितीकरण प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता मानकों एवं आवेदन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
बैठक की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विनोद बंसल ने की। इस अवसर पर मंडौर औद्योगिक क्षेत्र तथा उसके आसपास लगभग एक किलोमीटर की परिधि में स्थित उद्योगों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। विशेषज्ञों ने बताया कि मंडौर एवं उसके आसपास का यह क्षेत्र कन्फर्मिंग एरिया में शामिल होने की संभावना रखता है, जिससे उद्योगों को नियमित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।
जिलाध्यक्ष विनोद बंसल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों के हित में उठाया गया यह कदम अनेक इकाइयों को कानूनी मान्यता एवं भविष्य की विकास संभावनाएं प्रदान करेगा। तकनीकी सलाहकार गौरव अरोड़ा ने उद्यमियों से समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार कर नियमितीकरण प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुभाष धीमान ने लघु उद्योग भारती की गतिविधियों एवं सदस्यों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने संगठन की भूमिका और उद्योग हित में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक में उपस्थित सैकड़ों उद्यमियों का स्वागत भी किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक नरेश अग्रवाल रहे, जबकि अरुण अग्रवाल द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। बैठक में सुभाष मित्तल सहित औद्योगिक क्षेत्र के 60 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और नियमितीकरण प्रक्रिया को लेकर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
बैठक के अंत में उपस्थित उद्यमियों एवं लघु उद्योग भारती के सदस्यों ने हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini का इस उद्योग हितैषी योजना के लिए आभार व्यक्त किया तथा इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।