आज दिनांक 10 अप्रैल को सेवा सदन, सहकार मार्ग पर हमारी मासिक बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रमा जी ने की। उन्होंने सभी सदस्यों का आत्मीय स्वागत करते हुए आगामी राखी तीज मेला के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की और सभी बहनों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रांत संयुक्त सचिव ऋतु जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अत्यंत सहजता, धैर्य एवं स्पष्टता के साथ महिला उद्यमियों को LEAP में रजिस्ट्रेशन हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया, जिससे कई सदस्यों को तत्काल लाभ मिला।
बैठक में रचिता जी, इकाई प्रभारी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने आगामी प्रदर्शनी के विषय में सटीक जानकारी साझा करते हुए उपस्थित महिलाओं को स्टॉल बुकिंग के लिए प्रेरित किया। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि कई बहनों ने ऑन-स्पॉट अपने स्लॉट बुक कराए।
बैठक में लगभग 45 से 50 बहनों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। साथ ही, 24, 25 एवं 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में भी बहनों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान एक्यूप्रेशर एवं इलेक्ट्रॉनिक एक्युपंचर विशेषज्ञ अमित जी एवं प्रतिभा जी ने बिना किसी ब्लड टेस्ट या जांच के स्वास्थ्य सुधार के प्रभावी तरीकों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, जो सभी के लिए अत्यंत उपयोगी रही।
बैठक का समापन नेहा प्रधान, सचिव जयपुर सेंट्रल इकाई द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जिससे यह बैठक अत्यंत सफल रही।
अध्यक्ष: रमा अग्रवाल
सचिव: नेहा प्रधान