महिला सशक्तीकरण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं व्यक्तिगत रूप से सशक्त बनाकर उन्हें स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम बनाता है। यह लैंगिक समानता को बढ़ावा देता है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, समान वेतन और राजनीतिक भागीदारी के अवसरों को सुनिश्चित करता है, जिससे समाज के 50 प्रतिशत हिस्से को पुरुषों के समान अवसर प्राप्त होते हैं और एक समावेशी एवं प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण होता है।
इसी क्रम में लघु उद्योग भारती, काशी प्रांत की एक महत्वपूर्ण बैठक मकबूल आलम रोड स्थित कार्यालय पर महिला उद्यमियों के साथ आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी महिला उद्यमियों ने बीएलडब्ल्यू में आयोजित होने वाली सभा में बड़ी संख्या में शामिल होने का निर्णय लिया।
प्रदेश सचिव, लघु उद्योग भारती उत्तर प्रदेश, श्री राजेश कुमार सिंह ने महिला उद्यमियों का स्वागत करते हुए कहा कि काशी के सांसद एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सभा में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास, आर्थिक स्वतंत्रता, राजनीतिक भागीदारी तथा सामाजिक एवं कानूनी अधिकारों के क्षेत्र में अभूतपूर्व सशक्तिकरण प्राप्त हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि तीन तलाक पर प्रतिबंध, घरेलू हिंसा के विरुद्ध सख्त कानून एवं महिला सुरक्षा से जुड़े प्रभावी प्रावधानों ने महिलाओं को गरिमामय जीवन प्रदान किया है। साथ ही, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से विधायिकाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल महिलाओं का विषय नहीं, बल्कि समग्र राष्ट्र के विकास की आधारशिला है।


