लघु उद्योग भारती, कोटा इकाई की ओर से 9 अगस्त को आयोजित होने वाले वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पुरुषार्थ भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कोटा इकाई अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि बैठक में गोविंदराम मित्तल, ताराचंद गोयल, यशपाल भाटिया, अचल पोद्दार, मनोज राठी, संदीप जांगिड़, संदीप बाकलीवाल, कपिल बोहती, आशुतोष जैन, नरेंद्र हेडा एवं देवेंद्र कुमार सक्सेना सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि 18 से 20 दिसंबर 2026 तक मुंबई में आयोजित होने वाली वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का उद्देश्य विश्वभर के हिंदू समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं वैचारिक स्तर पर एक मंच पर जोड़ना है। इसी उद्देश्य से कोटा में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजकों ने जानकारी दी कि 9 अगस्त को दोपहर 3 बजे पुरुषार्थ भवन में आयोजित कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री स्वामी विज्ञानानंद जी मुख्य वक्ता के रूप में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की अवधारणा, उद्देश्य एवं स्वरूप पर मार्गदर्शन देंगे।


