मेगा क्रेडिट कैंप में उद्यमियों को मिला बैंकिंग सहयोग का भरोसा
देवरिया जिले में स्वरोजगार और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में शुक्रवार को उपायुक्त उद्योग कार्यालय परिसर में एमएसएमई मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया। लीड बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कैंप में बड़ी संख्या में उद्यमियों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उद्यमियों को ऋण प्रक्रिया, सरकारी अनुदान और व्यवसाय शुरू करने से
जुड़ी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया गया। लघु उद्योग भारती देवरिया इकाई के जिला अध्यक्ष दिनेश शुक्ला ने लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित करते हुए कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्योगों को मजबूत करने में बैंकों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कैंप में जिला महामंत्री राजकुमार मद्धेशिया, राजेश जायसवाल, मुन्ना, अरुण बरनवाल सहित कई उद्यमी मौजूद रहे। वहीं उपायुक्त उद्योग एस. सिद्धी, सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक और सहायक प्रबंधक मनीष वर्मा ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।


