लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : अखिल मोहन अग्रवाल
नालागढ़, हिमाचल प्रदेश
लघु उद्योग भारती नालागढ़ इकाई द्वारा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की रणनीतियों एवं उद्योगों के विकास को लेकर सार्थक चर्चा की गई।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल ने कहा कि स्थापना दिवस केवल संगठन की शुरुआत का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और देश की आर्थिक मजबूती का उत्सव है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, जो लाखों लोगों को रोजगार प्रदान करने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नालागढ़ इकाई के अध्यक्ष राघव आचार्य ने कहा कि लघु उद्योग भारती ने अपने स्थापना काल से ही उद्यमियों को सशक्त बनाने, मार्गदर्शन देने और उनके विकास के लिए निरंतर कार्य किया है। संस्था आज हजारों छोटे व्यापारियों और उद्योगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।
बैठक में सभी उद्यमियों से नवाचार अपनाने, गुणवत्ता को प्राथमिकता देने तथा “मेक इन इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लघु उद्यम केवल छोटे उद्योग नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में बड़ा योगदान देने वाली शक्ति हैं।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हरबंस पटियाल, लाला रूप नारायण, रामेश्वर प्रजापति, पंकज मित्तल, नवीन, नसीब सैणी, परमजीत, यजुवेंद्र बस्सी, अनिल पराशर एवं ईशान शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।


