लघु उद्योग भारती सीकर इकाई ने मनाया 32वां स्थापना दिवस, एमएसएमई कार्यशाला में उद्यमियों को दी योजनाओं की जानकारी
सीकर, राजस्थान। लघु उद्योग भारती की सीकर इकाई एवं सीकर महिला इकाई द्वारा संगठन का 32वां स्थापना दिवस स्थानीय रंग महल रेस्टोरेंट में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के साथ एमएसएमई विषय पर एक जानकारीपूर्ण कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा एवं भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सीकर इकाई के अध्यक्ष श्री हरिशंकर अग्रवाल ने उपस्थित अतिथियों, विभिन्न संगठनों से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया।
इकाई सचिव श्री कृष्ण कुमार पुरोहित ने सीकर इकाई की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में इकाई में 74 सदस्य सक्रिय हैं। उन्होंने संगठन द्वारा अब तक किए गए प्रमुख कार्यों एवं गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।
राजस्थान प्रदेश महासचिव श्री सुधीर कुमार गर्ग ने लघु उद्योग भारती के उद्देश्यों और उद्योगों के हित में संगठन की भूमिका को विस्तार से बताया। उन्होंने सदस्यों के लिए विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘लिप पोर्टल’ की जानकारी देते हुए इसके उपयोग और लाभों पर भी चर्चा की।
मुख्य अतिथि श्री ईश्वर सिंह राठौड़ ने लघु उद्योग भारती द्वारा उद्यमियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं जिला उद्योग अधिकारी श्री हरफूल भास्कर ने राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक एवं एमएसएमई योजनाओं की जानकारी देकर उद्यमियों को उनसे लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


