जोधपुर, 6 अगस्त। प्रभात टाइम्स। लघु उद्योग भारती, जोधपुर प्रांत एवं कार्यालय अपर आयुक्त (प्रशासन), राज्य कर, संभाग-द्वितीय, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में वाणिज्यिक कर विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से इंटीग्रेटेड टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), ई-टैक्स ऑफिसर एवं वैट पोर्टल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता पर विशेष कार्यशाला का आयोजन 7 अगस्त शुक्रवार को किया जाएगा।
लघु उद्योग भारती के प्रांत महामंत्री सुरेश कुमार विश्नोई ने बताया है कि कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को अपराह्न 3.30 बजे लघु उद्योग भारती भवन, हेवी इंडस्ट्रियल एरिया में होगा। इसमें राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त एवं विषय विशेषज्ञ मुख्य वक्ता के रूप में उद्यमियों और करदाताओं को संबोधित करेंगे। कार्यशाला में जीएसटी, वैट के नवीन प्रावधानों के साथ-साथ आईटीएमएस, ई-टैक्स ऑफिसर एवं वैट पोर्टल के संचालन, ऑनलाइन प्रक्रियाओं तथा उनके व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों की कर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
लघु उद्योग भारती ने सभी उद्यमियों एवं करदाताओं से अपने अकाउंटेंट अथवा लेखा सहायोगियों के साथ कार्यशाला में समय पर उपस्थित होकर डिजिटल कर प्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ उठाने की अपील की है।


