वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)।
चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों एवं उद्यमियों की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। जिसमें बैंकिंग सेक्टर से संबंधित समस्याओं, विशेषकर उद्योगों पर लगने वाले ट्रांजैक्शन चार्ज, ऋण सुविधाओं तथा बैंकिंग सेवाओं की जटिलताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए
लघु उद्योग भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए बैंकिंग लेन-देन की लागत कम होना तथा बैंकिंग सुविधाएं सरल और सुलभ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों को विशेष श्रेणी में रखते हुए ब्याज दरों में रियायत प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि कोविड-19 महामारी के बाद एमएसएमई क्षेत्र
पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और अमेरिकी टैरिफ नीतियों का प्रतिकूल प्रभाव उद्योगों पर पड़ा। इससे उद्योगों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गईं। ऐसे समय में बैंकिंग व्यवस्था में सुधार, बेहतर सेवाएं तथा उद्योग हितैषी नीतियों की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया। पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उद्योगों की समस्याओं को संबंधित बैंक अधिकारियों एवं उच्च स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। बैठक में लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।


