रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आगामी सितंबर में देश के औद्योगिक परिदृश्य में अपनी रही है। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 18, 19 एवं 20 सितंबर 2026 को 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित यह औद्योगिक मेला प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्ट अप्स, निर्माताओं, उद्यमियों, निवेशकों को और देशभर से आने वाले उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन केवल एक औद्योगिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश, रोजगार, नवाचार, तकनीकी और उद्यमिता को एक साथ जोड़ने वाला व्यापक औद्योगिक मंच होगा। आयोजकों का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ना तथा प्रदेश में नए निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि। इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन भी उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख विचारक इंद्रेश कुमार की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। इन विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति से आयोजन का महत्व और व्यापकता बढ़ने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, कृषि उत्पादों, वन उत्पादों और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक आधार के कारण देश में महत्वपूर्ण औद्योगिक राज्य के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इसके बावजूद अनेक छोटे और मध्यम उद्यमों के सामने अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने, नए खरीदारों से जुड़ने, तकनीकी सहयोग प्राप्त करने और निवेश हासिल करने जैसी चुनौतियां रहती हैं। इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर इन्हीं चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास करेगा।
फेयर में स्थानीय उद्यमियों को देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले उद्यमियों, खरीदारों, वितरकों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ के उत्पादों को नए बाजार मिलने के साथ व्यापार विस्तार और नई व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
प्रेस वार्ता में लघु भारती छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीपी दुबे, कैलाश चन्द्र वंशी, अनिल बाजपाल, कोषाध्यक्ष प्राजल सिंह ठाकुर, तल्लिका पाण्डेय, गीता वर्मा, दुर्गा लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष संजय मिश्रा उपस्थित थे।


