जयपुर, राजस्थान में 25 एवं 26 अप्रैल को लघु उद्योग भारती की अखिल भारतीय बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में देशभर से आए संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, आगामी कार्ययोजना, स्वदेशी जागरण तथा लघु उद्योगों के सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने हेतु ठोस रणनीतियाँ प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम की विशेषता रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल की गरिमामयी उपस्थिति। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि लघु उद्योग केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। उनके विचारों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, चेतना और संकल्प का संचार किया।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को राष्ट्रहित में और अधिक सक्रिय, संगठित एवं प्रभावशाली बनाना रहा। साथ ही, लघु उद्योगों को आत्मनिर्भर भारत की नींव मानते हुए स्वदेशी एवं स्वावलंबन के संकल्प को और सशक्त करने पर विशेष बल दिया गया।


