वाराणसी (स्पीक द वर्ल्ड)। लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संगठन के उद्यमियों एवं पदाधिकारियों ने बनारस रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक विवेक कुमार सिंह को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, तत्परता एवं ईमानदार सेवा के लिए पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को 12582 नई दिल्लीझबनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे खमरिया (भदोही) के प्रतिष्ठित कालीन निमार्ता एवं लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष दीना नाथ बरनवाल अपने गंतव्य ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर उतर गए थे। जल्दबाजी में उनकी एक अटैची ट्रेन के कोच में ही छूट गई, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं आवश्यक कागजात थे। जब तक उन्हें इसकी जानकारी हुई, तब तक ट्रेन बनारस रेलवे स्टेशन पहुँच चुकी थी।
इसके बाद स्टेशन प्रबंधक विवेक कुमार सिंह से संपर्क किया गया। उन्होंने तत्काल सक्रियता और सूझबूझ का परिचय देते हुए संबंधित कोच से अटैची सुरक्षित बरामद कर अपने कार्यालय में रखवाई तथा बाद में उसे सही-सलामत दीना नाथ बरनवाल को सौंप दिया। सम्मान ग्रहण करते हुए विवेक कुमार सिंह ने कहा, श्यह हमारा कर्तव्य और
जिम्मेदारी है। बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ सभी नागरिकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर शैलेश प्रताप सिंह, सतीश राय, वसीम भाई, आर. के. राय, ज्वाला सिंह एवं दिलीप गुप्ता सहित लघु उद्योग भारती के अनेक पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।


