स्थानीय लघु उद्यमियों को वित्तीय सुरक्षा और पेंशन योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सिंघौल स्थित जुबली ढाबा में लघु उद्योग भारती एवं पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के उद्यमियों को पीएफआरडीए के नियमों तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जोड़ना था। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सुंदर भीमसेरिया, प्रदेश महामंत्री सीए आशीष रस्तोगी, पीएफआरडीए के प्रशांत कुमार तथा पीडब्ल्यूसी के प्रकाश मिश्रा ने उद्यमियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि व्यवसाय के विकास के साथ भविष्य की वित्तीय सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्यमियों से समय रहते पेंशन योजनाओं से जुड़ने और दीर्घकालिक वित्तीय योजना बनाने की अपील की। साथ ही पीएफआरडीए की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्र प्रचार प्रमुख गणेश झा, लघु उद्योग भारती बिहार के उपाध्यक्ष बिनोदहिसारिया, शिवकुमार और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने योजनाओं को लेकर अपने सवाल भी पूछे।


