एमएसएमई योजनाओं पर कार्यशाला आयोजित
उद्यमियों को दी सरकारी योजनाओं, तकनीकी उन्नयन व निर्यात नीति की जानकारी
जोधपुर, 12 मई। लघु उद्योग भारती बोरानाडा, सांगरिया एवं तनावडा इकाई तथा इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप डेवलपमेंट के संयुक्त तत्वावधान में एमएसएमई-रैंप कार्यक्रम के अंतर्गत नवीन सरकारी योजनाओं पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन बोरानाडा स्थित ईपीसीएच ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में किया गया। कार्यशाला में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत के उपाध्यक्ष दीपक माथुर ने उद्यमियों को एमएसएमई से संबंधित सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। सांगरिया इकाई अध्यक्ष रवि गुप्ता ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया।
जयपुर से आए विशेषज्ञ एवं प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णा पारीक ने एमएसएमई पॉलिसी 2024, एक जिला-एक उत्पाद नीति, निर्यात नीति 2024, तकनीकी उन्नयन, ऊर्जा ऑडिट तथा विभिन्न सरकारी सब्सिडी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी उन्नयन और ऊर्जा दक्षता अपनाकर उद्योग अपनी उत्पादन लागत कम कर प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम में मो. अजरूद्दीन ने उद्यम पंजीकरण से संबंधित सहायता उपलब्ध करवाई। इस अवसर पर प्रेम जाखड़, गोपाल शर्मा, हितेन्द्र राठी, अरविन्द भट्टड़, किशोर हरवानी, भंवरलाल सियाग, अनूप बेनीवाल, तुलछाराम, अर्जुन पोटालिया, रामनारायण जागिड़, राजू बोहरा एवं प्रकाश जाट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में बोरानाडा इकाई के सचिव थानाराम चौधरी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


