लघु उद्योग भारती फार्मा उत्पाद समूह के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय (औषधि नियंत्रण विंग) जयपुर में ड्रग कंट्रोलर-प्रथम अजय से शिष्टाचार भेंट कर 25 जुलाई को नई दिल्ली में लघु उद्योग भारती केन्द्रीय फार्मा उत्पाद समूह द्वारा आयोजित होने वाले फार्मा कॉन्क्लेव का आमंत्रण दिया। बैठक में लघु उद्योग भारती जयपुरप्रांत अध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा, लघु उद्योग भारती राजस्थान प्रदेश फार्मा समिति प्रमुख सौरभ सालेचा, फार्मा उत्पाद समूह के सदस्य धवल सालेचा, अश्विनी गुप्ता एवं देवल गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महेन्द्र मिश्रा व सौरभ सालेचा ने बताया कि लघु उद्योग भारती के केन्द्रीय फार्मा उत्पाद समूह द्वारा फार्मा कॉन्क्लेव में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, देशभर से फार्मा उद्योग से जुड़े उद्यमी, विशेषज्ञ
एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कॉन्क्लेव में फार्मा एमएसएमई के भविष्य, घरेलू एवं निर्यात बाजार के विस्तार, फार्मास्युटिकल विनिर्माण को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप सशक्त बनाने तथा ‘विकसित भारत-2047′ के रोडमैप पर व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही केंद्रीय एवं राज्य स्तर के स्वास्थ्य, वाणिज्य और उद्योग विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, फार्मास्युटिकल विभाग एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया तथा उद्योग विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। आज की बैठक के दौरान भारत में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’, फार्मास्युटिकल इकोसिस्टम को सुदृढ़ बनाने, नियामकीय (रेगुलेटरी) प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास को गति देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई।


