सूरत में लघु उद्योग भारती द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर उद्यम 2026 के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। यह भव्य औद्योगिक मेला 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक गांधीनगर के हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस आयोजन को गुजरात का सबसे बड़ा औद्योगिक एक्सपो बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वजू भाई वघासिया ने बताया कि यह मेला देशभर के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSMEs) के लिए नए व्यापारिक अवसर, नेटवर्किंग और निवेश के द्वार खोलेगा।
बैठक में प्रमुख रूप से गुजरात अध्यक्ष ईश्वर पटेल, कर्णावती विभाग अध्यक्ष रमेश ठुमर, कर्णावती संभाग उपाध्यक्ष एवं सूरत शहर अध्यक्ष रामावतार पारीक, सूरत उपाध्यक्ष रमेश राठी, महामंत्री सतीश सवानी, संयुक्त महामंत्री पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस इंडस्ट्रियल फेयर में इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल, फार्मा, ग्रीन एनर्जी, डेयरी, पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, एग्रीकल्चर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड एवं बेवरेज, बिल्डिंग मटेरियल, प्लास्टिक एवं डिफेंस जैसे अनेक प्रमुख सेक्टर शामिल किए जाएंगे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया, जिससे उद्योग जगत को एक मजबूत प्लेटफॉर्म प्रदान किया जा सके।


