जालंधर में लघु उद्योग भारती महिला इकाई द्वारा आयोजित ‘स्वयंसिद्धा’ प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें सशक्त मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय संयोजक अंजू सिंह द्वारा किया गया।
इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में राजस्थान (जयपुर, कोटा, जोधपुर, उदयपुर), हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से आई महिला उद्यमियों ने भाग लेकर अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, फैशन परिधान, ज्वेलरी, होम डेकोर और अन्य उत्पादों का प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप मोनिया, जनरल सेक्रेटरी विवेक और प्रभारी अरविंद धूमल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन में आलती रक्षा, रमनप्रीत कौर, नीतू नंदा, दीपिका राठौर सहित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीमा धूमल ने बताया कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रदर्शनी महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।


