लघु उद्योग भारती के 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर श्रमदान (पंडित भूरामल सामाजिक सहकार न्यास) की ओर से बड़ल्या चौराहा महात्मा गांधी स्कूल के पास संचालित हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उद्योगपति, संस्था सदस्य एवं भावी उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि अजमेर में संचालित यह प्रशिक्षण केंद्र, लघु उद्योग भारती की कौशल विकास की सोच का सजीव उदाहरण है। जब तक कार्यकारी वर्ग स्वयं कौशल अर्जित कर आत्मनिर्भर नहीं बनता, तब तक राष्ट्र के समग्र विकास का लक्ष्य अधूरा होगा। इस मौके पर केंद्र के संचालक ब्रह्मचारी शशांक, प्रणव एवं आकाश भैया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ब्रह्मचारी शंशाक भैया ने कहा कि समाधिस्थ आचार्यरी विद्यासागर महाराज की प्रेरणा एवं वर्तमान आचार्य समय सागर महाराज के मार्गदर्शन में वे राष्ट्र निर्माण के कार्य में कर्तव्य भाव से अपना योगदान दे रहे हैं। भावी उद्यमियों व प्रशिक्षुओं का सम्मान, दो लूम भेंट किए कार्यक्रम में भावी उद्यमियों का सम्मान किया गया तथा विशेष कुशलता का प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को भी पुरस्कृत किया गया। संस्था सदस्यों की ओर से केंद्र को दो लूम दान कर सहयोग प्रदान किया गया। इससे पूर्व अशोक मोतियानी ने संस्था का परिचय दिया। अंत में संस्था के पदाधिकारी राजेश बंसल ने आभार जताया। संचालन गिरिराज बंसल ने किया।


