उत्तर प्रदेश MSME उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रदेश उद्योग बंधु बैठक में विस्तृत चर्चा
आज लखनऊ में आयोजित प्रदेश उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव श्री एस. पी. गोयल जी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार जी तथा अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास श्री आलोक कुमार जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए MSME उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
लघु उद्योग भारती की ओर से प्रदेश अध्यक्ष श्री रविन्द्र सिंह एवं अखिल भारतीय सचिव श्री दीपक अग्रवाल ने उद्योग जगत की प्रमुख समस्याओं एवं उनके व्यावहारिक समाधान से संबंधित विषयों को प्रभावी रूप से रखा। उन्होंने MSME इकाइयों को वर्तमान समय में आ रही प्रशासनिक, वित्तीय एवं तकनीकी चुनौतियों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
बैठक में विशेष रूप से UPSIDA OTS योजना, प्रदूषण विभाग में OTS व्यवस्था, आगरा क्षेत्र में निर्माण कार्यों हेतु NOC से संबंधित समस्याएं तथा MSME इकाइयों के लिए सोलर ऊर्जा नीति की स्पष्ट गाइडलाइन, नेट मीटरिंग एवं अनुदान जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि इन विषयों के समाधान से प्रदेश के हजारों लघु एवं मध्यम उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रमुख सचिव श्री एस. पी. गोयल जी ने आश्वासन दिया कि UPSIDA OTS योजना शीघ्र लागू की जाएगी तथा उसके ड्राफ्ट पर चर्चा के लिए उद्योग संगठनों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिससे उद्योगों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी नीति बनाई जा सके।
बैठक सकारात्मक संवाद एवं सहयोग की भावना के साथ सम्पन्न हुई। आशा व्यक्त की गई कि सरकार एवं उद्योग संगठनों के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश के MSME क्षेत्र को नई गति, मजबूती एवं विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।