लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश मित्तल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस मुलाकात में चंडीगढ़ और पंजाब के उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल, पंजाब के महासचिव प्रदीप मोंगिया, पंजाब और चंडीगढ़ के मीडिया इंचार्ज विक्रांत शर्मा, चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष अवि भसीन, महासचिव मनीष निगम और कार्यकारिणी सदस्य राम कुमार गर्ग शामिल रहे। बैठक के दौरान अवि भसीन ने चंडीगढ़ के उद्योगों के समक्ष आने वाली चुनौतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने इन चुनौतियों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात भी की। प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छोटे उद्योगों को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।