नवज्योति / जोधपुर ।

मुख्यमंत्री बनने के बाद भजनलाल शर्मा का पहली बार 24 जनवरी को जोधपुर दौरा रहेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जोधपुर में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे अन्य कई कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। उनके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने बताया कि 24 जनवरी को लघु उद्योग भारती की ओर से रावण का चबूतरा मैदान में हस्तशिल्प उत्सव का आयोजन होगा इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे। इसका जयपुर जाकर निमंत्रण दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हस्तशिल्प उत्सव के बैनर का विमोचन भी किया। ओझा ने बताया कि 24 जनवरी से 4 फरवरी तक यह मेला चलेगा और कुल 700 स्टॉल लगेगी। इस उत्सव में कश्मीर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड आदि राज्यों के उद्यमियों एवं हस्तशिल्पी भी स्टॉल लगाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय पट्सन बोर्ड, केन्द्रीय ऊन विकास बोर्ड, विकास आयुक्त हस्तशिल्प, नाबार्ड, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड जैसे राजकीय संस्थानों ने भी अपने हस्त शिल्पियों के लिए डोम आरक्षित करने में रुचि दर्शाई है।

सीएम करेंगे रक्त सेंटर का शुभारंभ

इसके अलावा मुख्यमंत्री की ओर से निर्मल गहलोत चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा जोधपुर में स्थापित देश के पहले स्थायी गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर ब्लड डोनेशन सेंटर का उद्घाटन भी करेंगे। रक्तशाला भवन के उद्घाटन समारोह में रक्तशाला एप का शुभारंभ, रक्तदाता संस्थाओं का अभिनंदन व 50 बार से अधिक बार रक्तदान कर चुके रक्तदाताओं का सम्मान भी किया जाएगा। जोधपुर में इस सर्वसुविधायुक्त स्थायी रक्तदान सेंटर की स्थापना के बाद रक्तदान शिविर के आयोजकों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं निशुल्क मिल सकेगी जिससे रक्तदान शिविरों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।