अजमेर कौशल विकास केंद्र : बहुमंजिला भवन निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर
लघु उद्योग भारती द्वारा अजमेर में निर्मित हो रहे कौशल विकास केंद्र के बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहा है। यह केंद्र भविष्य में युवाओं, उद्यमियों एवं उद्योगों के लिए कौशल विकास और प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है।
इसी क्रम में ब्यावर इकाई से श्री अजय जी खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों — विजय जी मेहता, सचिन जी नाहर, दीपक जी झंवर, गगन जी भारद्वाज, प्रकाश जी अम्बुरे, अनिकेत जी अम्बुरे सहित समस्त टीम ने अजमेर कौशल विकास केंद्र पहुंचकर निर्माणाधीन भवन का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान सभी सदस्यों ने कौशल विकास के क्षेत्र में लघु उद्योग भारती के शीर्ष नेतृत्व की दूरदृष्टि, योजनाबद्ध प्रयासों एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही भवन निर्माण की गुणवत्ता, संरचना एवं अब तक हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे एक प्रेरणादायी पहल बताया।
भवन अवलोकन के पश्चात आयोजित बैठक में निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से अर्थ प्रबंधन, संसाधन नियोजन एवं कार्य प्रबंधन जैसे बिंदुओं पर विचार-विमर्श कर आगामी कार्ययोजना को लेकर सुझाव साझा किए गए।
उल्लेखनीय है कि ब्यावर में भी आगामी समय में लगभग 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में लघु उद्योग भारती के आधुनिक कौशल विकास केंद्र के निर्माण की योजना प्रस्तावित है, जो क्षेत्र के उद्योगों एवं युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।