भारत के अग्रणी औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती की भिवाड़ी प्रथम इकाई की मासिक बैठक एवं एमएसएमई अवेयरनेस वर्कशॉप का आयोजन खंडेलवाल एजेंसीज़ परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक की शुरुआत संगठन के सचिव सीए आर.के. गुप्ता द्वारा संगठन मंत्र के साथ की गई, जिसके पश्चात उपस्थित सदस्यों का स्व परिचय सत्र आयोजित हुआ।
इकाई अध्यक्ष सरजीत यादव ने उद्योगों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रदूषण नियंत्रण नियमों, जीएसटी संबंधी समस्याओं, सीएनजी पर वैट हटाने अथवा रिफंड, बिजली दरों एवं सोलर पावर नीतियों में व्याप्त विसंगतियों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इन विषयों पर संबंधित विभागों से संवाद स्थापित करने हेतु प्रभारी सदस्यों का चयन भी किया गया है। रामप्रकाश जी ने राजस्थान सरकार द्वारा राज्य में एयरोस्पेस एवं डिफेंस मैन्युफैकरिंग हब विकसित करने की योजना की जानकारी देते हुए भिवाड़ी के उद्योगों को इससे जुड़ने का आह्वान किया। अध्यक्ष द्वारा सदस्यों से उद्योगों की बेहतरी एवं Ease of Doing Business को बढ़ावा देने हेतु अपने सुझाव लिखित रूप में देने का आग्रह किया गया। साथ ही 8 फरवरी 2026 को अलवर में आयोजित टाइगर मैराथन में अधिक से अधिक सहभागिता का भी आह्वान किया गया।