<p>लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमण्डल ने मंगलवार को केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत से भेंट कर भू-जल दोहन से संबंधित उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं व सुझावों के संबंध मे चर्चा की। लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा व प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़ ने बताया कि बालोतरा, जसोल एवं बिंटूजा में लवणीय भूजल दोहन के उपयोग को तो शुल्क मुक्त रखा गया है लेकिन उद्यमियों के समय पर अनापत्ति प्रमाण पत्र नही लेने अथवा आवेदन के नवीनीकरण मे देरी होने पर शुल्क व भारी पेनल्टी लगायी जाती है। प्रतिनिधिमण्डल ने जोन मे एक बार एमेनेस्टी योजना लागू कर नियमानुसार नवीनीकरण आवेदनों के अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने, विभाग की वेबसाईड पर उद्योगों के यूजर आईडी व पासवर्ड बदलने पर 5 हजार के शुल्क को माफकरने, बहुत से उद्यमी जानकारी के अभाव मे अनापत्ति प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के आवेदन नही कर पाये उनको 100, अतिरिक्त फीस लेकर शुल्क से मुक्ति देने, लघु व सूक्ष्म उद्योगो को भूजल निकासी की 10 केएलडी से बढ़ाकर 25 केएलडी करने इत्यादि विषयों की मांग रखी गयी। जिस पर शेखावत ने प्रतिनिधिमण्डल को समस्याओं व सुझावों पर शीघ्र ही प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस मौके भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा, लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रान्त सचिव विनोद सिंघवी, बालोतरा इकाई अध्यक्ष प्रवीण महाजन, सदस्य संदीप ओस्तवाल व संजयजी छाजेड़ उपस्थित रहे।</p>