देश के सूक्ष्म लघु उद्यमियों के बड़े संगठन लघु उद्योग भारती (LUB) की ओर से आयोजित उत्तर क्षेत्रीय सम्मेलन में उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा हुई।
LUB दिल्ली के महासचिव मुकेश अग्रवाल ने बताया कि अंबाला में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर भारत के 6 क्षेत्र दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के कार्यकर्ता प्रोग्राम में पहुंचे। सभी राज्यों के अध्यक्षों ने अपने प्रदेश में संगठन की गतिविधियों, औद्योगिक परिवेश और भविष्य की योजनाओं पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। सम्मेलन में हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह पहुंचे। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार औद्योगिक वातावरण को बेहतर बनाने और उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के प्रयास में है। उद्यमियों से पर्यावरण अनुकूल कार्यशैली अपनाने का आग्रह किया। LUB के राष्ट्रीय महासचिव ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है। इसमें उद्यमियों का योगदान अहम है।